11 to 20 October
·
हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी विभागों द्वारा संवेदनशील पदों की सूची सर्कूलेट की जाएगी ताकि मंत्री, प्रशासकीय सचिव और विभागाध्यक्ष अधिकारियों की नियुक्ति के समय इसे ध्यान में रख सकें। मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस आशय का निर्णय गत दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध कदम उठाने के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में लिया गया। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में सभी प्रशासकीय सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं।
·
हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि पानीपत व करनाल में एथनोल प्लांट लगाने का कार्य शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा शाहबाद में भी एथनोल प्लांट की क्षमता बढाई जाएगी। प्रदेश की सभी चीनी मिलों में एथनोल प्लांट लगाए जाएंगे ताकि चीनी मिलों को घाटे से उबारा जा सके। उन्होंने कहा कि चीनी मिलें आर्थिक रूप से सशक्त होंगी तो किसानों को इनका भरपूर लाभ मिलेगा।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में सुगम तरीके से बाजरे की खरीद की जा रही है। इस बार बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2350 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि मंडियों में खरीद 1850-1900 रुपये प्रति क्विंटल हो रही है। किसानों को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो, इसलिए राज्य सरकार की भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों को 450 रुपये का भुगतान किया जाएगा।किसानों की सुविधा के लिए ई-खरीद हरियाणा मोबाइल एप लॉन्च की गई है। इसमें किसानों को पंजीकृत फसलों की संख्या, गेट पास और खरीद के लिए लायी जा सकने वाली फसल की मात्रा के बारे में वास्तविक जानकारी मिल रही है।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी विभाग जनता से जुड़ी सभी सेवाओं को जल्द से जल्द ऑटो अपील सिस्टम में जोड़ें। इस काम को तेजी से किया जाए ताकि आम जनता को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने सेवा का अधिकार आयोग के ऑटो अपील सिस्टम की कार्य प्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम की वजह से आज सरकारी सेवाओं में होने वाली देरी पर जवाबदेही तय हुई है। आयोग, सेवाओं में होने वाली देरी पर संबंधित अधिकारी पर जुर्माना भी लगा रहा है। इसका असर दिखने लगा है। अभी तक ऑटो अपील सिस्टम में सेवाओं में होने वाली देरी से संबंधित 3 लाख 53 हजार 529 अपील की गई, जिनमें से 2 लाख 70 हजार 385 प्रथम अपीलीय अधिकारी तक तथा 82,375 अपील द्वितीय अपीलीय अधिकारी तक पहुंची और महज 769 अपील ही सेवा का अधिकार आयोग तक पहुंची। इस पर आयोग ने संज्ञान लिया।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने व्यापारियों व नागरिकों को एक और सुविधा प्रदान करते हुए आज हरियाणा म्युनिसिपल विज्ञापन उपनियम - 2022 के तहत विज्ञापन अनुमति तथा नगर निकायों के विज्ञापन स्थलों की ई-नीलामी के लिए पोर्टल लॉन्च किया। इससे सभी नगर निकायों में विज्ञापन अधिकारों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
·
हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि 31 मार्च तक हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 5 हजार बसें हो जाएंगी। पिछले 20 वर्षों में रोडवेज की 1300 बसों की सबसे बड़ी खरीद के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने मंजूरी दी है
·
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने हरियाणा सरकार द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन की दिशा में की जा रही गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ने पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाकर पराली प्रबंधन पर जोर दिया है।प्रदेश में धान लगभग 4800 गांवों में होता है। इन गांवों को तीन जोन - हरा, पीला और लाल में बांटा गया है। इन-सीटू मैनेजमेंट के तहत विभिन्न मशीनों व डिक्मपोसर के माध्यम से 23 लाख मीट्रिक टन और एक्स-सीटू मैनेजमेंट के तहत 13 लाख मीट्रिक टन पराली का प्रबंधन किया जाएगा। अभी तक पराली जलाने की केवल 83 घटनाएं हुई हैं और पराली न जलाने बारे लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है।पराली प्रबंधन के लिए पिछले 4 सालों में किसानों को सीएचसी के माध्यम से और व्यक्तिगत रूप से 72,777 मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है। इस वर्ष 7146 मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं जिसमें बेलिंग यूनिट, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड कम फर्टीलाइजर ड्रिल इत्यादि शामिल है।राज्य सरकार द्वारा इन-सीटू मैनेजमेंट के तहत किसानों को प्रति एकड़ बेलिंग के लिए 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है और इसके साथ ही बेलर्स के परिवहन के लिए 500 रुपये प्रति एकड़ अधिकतम 15 हजार रुपए तक गौशालाओं को दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, अवशेष प्रबंधन की आपूर्ति के लिए पानीपत में स्थापित 2जी इथेनॉल संयंत्र को एक हजार रुपये प्रति मीट्रिक टन सहायता प्रदान की जा ही है।
·
गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों का समापन हो गया। आखिरी दिन खेले गए बॉक्सिंग के मुकाबलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण पदक सहित 10 पदक जीत कर राज्य का मान बढ़ाया। इन खेलों में हरियाणा ने 38 स्वर्ण पदक सहित कुल 116 पदक जीते कर पदक तालिका में तीसरे स्थान पर है। सबसे खास बात यह रही कि 38 स्वर्ण पदकों में से हरियाणा ने 37 स्वर्ण पदक ओलंपिक खेलों में जीते हैं, जो किसी भी अन्य राज्य से दोगुने से भी ज्यादा हैं। पिछले 3 संस्करणों में हरियाणा के पदकों की संख्या इस बार सबसे अधिक रही है। पिछले राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा ने 107 खेलों में जीत हासिल की थी।
·
हरियाणा सरकार ने 30 अक्टूबर और 2 नवंबर को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों, सरपंच, पंच, जिला परिषदों व पंचायत समितियों के सदस्यों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है।प्रस्ताव के अनुसार पंचायत चुनावों में सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को 11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा, सर्वसम्मति से चुने जाने वाले सरपंच तथा पंच को क्रमशः 5 लाख रुपये व 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।इसी प्रकार, सर्वसम्मति से चुने जाने वाले जिला परिषदों के सदस्यों तथा पंचायत समितियों के सदस्यों को क्रमशः 5 लाख रुपये व 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यमुनानगर जिले में यमुना नदी तथा पंचकूला में घग्गर नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने की योजनाएं बनायें क्योंकि नदियां हमारी राष्ट्रीय संपदा हैं। केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के साथ - साथ नई योजनाएं बनायें ताकि दूसरे राज्य भी हरियाणा का अनुसरण करें।
·
हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने कहा कि स्वच्छता अभियान को और गति प्रदान करने के लिए प्रदेश में कचरे के निस्तारण हेतू जल्द ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट स्थापित किये जाएंगे। प्रारंभिक चरण में भिवानी, सिरसा और करनाल क्लस्टर में यह प्लांट स्थापित होंगे।
·
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की हरी झंडी के बाद वंदे भारत ट्रेन ऊना से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। चंडीगढ़ पहुंचने पर वंदे भारत एक्सप्रेस का हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रहे रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की। दोनों ने चंडीगढ़ से अंबाला तक इकट्ठे यात्रा की। श्री मनोहर लाल के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और विधायक भी ट्रेन में सवार हुए और अगले गंतव्य अंबाला पहुंचे। आज़ादी के अमृत महोत्सव में सरकार ने 75 ऐसी ट्रेन चलाने का फैसला लिया है केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पूरी तरह से भारत में ही बनाई गई है। देश में बनने के कारण इस पर कम लागत आई है लेकिन इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। ट्रेन कई तरह के एडवांस फीचरों से लैस है। तेज स्पीड होने के साथ-साथ ट्रेन की सीटों को काफी आरामदायक बनाया गया है।
·
हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री श्री अनिल विज ने योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया और कहा कि हरियाणा में बन रही योग व्यायामशालाओं के दूसरे चरण में 1000 नई व्यायामशालाओं के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि आगामी 13 नवंबर, 2022 को राज्य के जिला झज्जर के गांव कुलाना में पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस मौके पर देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
·
प्रदेश में पंचायत चुनाव अलग-अलग चरणों में करवाए जा रहे हैं। दूसरे चरण में 9 जिलों नामतः, अम्बाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में मतदान होगा। इन जिलों में जिला परिषद सदस्यों व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 9 नवंबर तथा सरपंच व पंच पद के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा। उपरोक्त जिलों में पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ग्रामीण क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी अधिकारी व कर्मचारी का तबादला नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार इन जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में कोई नई स्कीम, नए प्रोजेक्ट आदि की घोषणा नहीं कर सकती। जिन जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू है वहां पर सरकार द्वारा किसी भी भवन, प्रोजेक्ट आदि का उद्घाटन अथवा आधारशिला नहीं रखी जा सकती। इस बार के पंचायत चुनाव की गतिविधियां “म्हारी पंचायत” पोर्टल पर देखी जा सकेंगी।
·
2014 में लागू किया गया हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम , सरकार की महत्वकांशी सेवाओं को समयबद्ध एवं संतोषजनक तरीके से जनता तक पहुंचाने में कारगर हथियार साबित हो रहा हैै । इस अधिनियम के तहत 43 विभागों व संस्थाओं की 622 सेवाएं इसके अंतर्गत अधिसूचित हैं , जोकि जीवन के विभिन्न चरणों में समाज के सभी वर्गों से ताल्लुक रखती हैं। हरियाणा के विभिन्न जिलों से आयोग के पास पत्र या ई - मेल द्वारा अधिसूचित सेवाओं से संबंधित जब भी शिकायतें आती हैं , उसका तत्परता से संज्ञान लिया जाता है ।
·
हरियाणा से योग में राष्ट्रीय खेलों से 15 बच्चों ने पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर योग प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। इन बच्चों ने एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। राहुल और रिशभ की जोड़ी ने स्वर्ण, रोहित, अभिषेक, प्रवीन पाठक , अभिषेक, कमल, निकेश व करण ने रजत तथा देवी, भारती, स्नेहलता, मधु वर्मा ने कांस्य पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रदेश में 1100 व्यायामशालाएं बनाई गई हैं, जिसमें 400 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की गई। बाकी योगशालाएं में भी नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि एक संस्था ने सर्वे किया है जिसमें हरियाणा सुशासन में देशभर में पहले नंबर पर आ गया है।
·
अंबाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑल वैदर स्वीमिंग पुल व जिम्नास्टिक हाल तथा बैडमिंटन हाल का निर्माण किया गया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर का फीफा से अप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम बनाने का काम भी किया जा रहा है।
·
मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा श्री अनुराग अग्रवाल
·
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा लगातार बुलंदियों को छू रहा है। इसी का नतीजा है कि पब्लिक अफेयर्स इंडेक्स, 2022 में हरियाणा बड़े राज्यों की श्रेणी में शीर्ष स्थान पर आया है। इस रिपोर्ट में हरियाणा सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय एवं राजनीतिक न्याय में सबसे आगे रहा है। 0.6948 स्कोर के साथ हरियाणा ने बड़े राज्यों में पहले स्थान हासिल किया है सार्वजनिक मामलों के सूचकांक (पीएआई) 2022 की रिपोर्ट में हरियाणा के बाद तमिलनाडु, केरल, छत्तीसगढ़, पंजाब और कर्नाटक सहित कई अन्य राज्य शामिल है। इसी रिपोर्ट में सिक्किम ने भारत में सबसे अच्छे शासित छोटे राज्य के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा है। बेंगलुरु के गैर-लाभकारी थिंक टैंक पब्लिक अफेयर्स सेंटर (PAC) द्वारा तैयार पब्लिक अफेयर्स इंडेक्स, 2022 के 7वें संस्करण को शुक्रवार को जारी किया गया। इस रिपोर्ट में आर्थिक न्याय को श्रमिक उत्पादन, कार्मिक मजदूरी, पब्लिक एक्सपेंडिचर, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार जैसे पहलुओं पर मापा गया। वहीं ग्रामीण एवं निकाय संस्था, घटते अपराध, आम जनता के समस्याओं का निवारण राजनीतिक न्याय के घटक रहे। इसी तरह स्कूलों में साफ पानी, सैनिटेशन, बच्चों के विकास और लॉजिस्टक व ट्रेड सेवाओं की आसानी सामाजिक न्याय के तत्व रहे।
·
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पिछली 11 किस्तों में हरियाणा के किसानों को 3754.67 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2018 में किसानों की आय बढ़ाने के लिए सम्मान निधि योजना की शुरूआत की थी। इसके अंतर्गत 6 हजार रुपये वार्षिक सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में तिमाही आधार पर उपलब्ध कराई जाती है।
·
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में स्थापित एबिक सेंटर ने छात्रों, उद्यमी व किसानों से बिजनेस आइडिया मांगे हैं जो उनको कृषि व्यवसायी बनाने में अहम रोल अदा कर सकता है। अब एबिक ने पहल व सफल में आवेदन करने की अंतिम तिथि 31अक्तूबर 2022 तक बढ़ा दी है। इसके लिए उम्मीदवार को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय व एबिक की वेबसाइट www.hau.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। एबिक के प्रिंसीपल इनवेस्टीगेटर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थी, बेरोजगार युवा, किसान व उद्यमी मार्केटिंग, नेटवर्किग, लाईसेंसिग, ट्रैडमार्क व पेटेंट, तकनीकी व फंडिग से संबंधित प्रशिक्षण लेकर कृषि क्षेत्र में अपने स्टार्टअप को नया आयाम दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार के लिए कृषि क्षेत्र में अपना व्यवसाय स्थापित करने का यह एक सुनहारा अवसर है, जिसे पहल व सफल में आवेदन करके 25 लाख रूपए तक की ग्रांट व दो महीने के प्रशिक्षण का लाभ उठाया जा सकता है। आवेदन की प्रक्रिया निःशुल्क होगी। आवेदन करने वाला व्यक्ति प्रदेश या फिर निकटवर्ती राज्य का होना जरूरी है, जो हरियाणा में आकर अपना व्यवसाय स्थापित करने का इच्छूक हो। इसके अलावा आवेदन करने वाले का मुख्य आइडिया एग्री बॉयोटैक, बागवानी, जैविक खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन, सूक्ष्म सिंचाई, कृषि अभियांत्रिकी, खेती मशीनीकरण, कम खर्च में अधिक उत्पादन, आपूर्ति श्रृखंला प्रबंधन, कटाई व कटाई के बाद की प्रक्रिया, खाद्य प्रक्रिया एवं मूल्य संवर्धन, कृषि में कृत्रिम बुद्धिमता इत्यादि का विशेष ध्यान रखना होगा।
·
जेसी बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए, फरीदाबाद को राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) द्वारा प्रत्यायन के दूसरा क्रम में 'ए +' ग्रेड और 3.32 के सीजीपीए के साथ फिर से मान्यता दी गई है। मूल्यांकन का परिणाम 18 अक्टूबर, 2022 को आयोजित एनएएसी की स्थायी समिति की 127वीं बैठक में घोषित किया गया था, और यह अगले पांच वर्षों के लिए वैध रहेगा।
·
आमजन के सामाजिक - आर्थिक स्तर में सुधार करने और उनकी दैनिक समस्याओं के निवारण के लिए हरियाणा स्टेट काउंसिल फॉर साइंस, एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा अनुसंधान और विकास योजना चलाई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत शैक्षणिक, अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परियोजना के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास परियोजना को अंजाम देने के लिए वर्ष 2022-23 के दौरान अठारह अनुसंधान परियोजनाओं के लिए कुल 5 करोड़ 47 लाख 41 हजार और 32 रुपए की मंजूरी दी गई है।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में दलहन व तिलहन की 6 रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 105 रूपए से लेकर 500 रूपए प्रति क्विंटल बढ़ोतरी करने के निर्णय के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गेंहू, सरसों, चना व जौं हरियाणा की प्रमुख रबी फसलों में से हैं। उन्होंने कहा कि गेंहू का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 2125 रूपए, सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5050 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 5450 रूपए, चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5250 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 5335 रूपए तथा जौं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1635 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1735 रूपए प्रति क्विंटल किया गया है। इसी प्रकार मसूर का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5500 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 6000 रूपए प्रति क्विंटल व कुसुम का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5441 रूपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 5650 रूपए प्रति क्विंटल किया गया है।
·
हरियाणा में विदेशी निवेश को आकर्षित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में विदेशों के साथ परस्पर सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के लिए हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने आज यहां 7 देशों में भारत के राजदूतों के साथ एक अहम बैठक की। श्री कौशल ने राजदूतों को हरियाणा के सकल घरेलू उत्पाद, राजस्व संग्रहण, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, निवेश अनुकूल नीतियों, कौशल विकास तथा लॉजिस्टिक्स सुविधाओं इत्यादि के बारे में जानकारी दी। हरियाणा के समग्र दृष्टिकोण से प्रभावित होकर राजदूतों ने हरियाणा के साथ कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित अन्य क्षेत्रों में सहयोग हेतु दिलचस्पी दिखाई। श्री कौशल ने बताया कि लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के मामले में हरियाणा देश में दूसरे तथा उत्तर भारत में पहले नंबर पर है। दुनिया की 400 फॉर्च्यून कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में स्थापित हैं। देश के क्षेत्रफल का 1.34 प्रतिशत और 2.09 प्रतिशत जनसंख्या के बावजूद हरियाणा का देश के सकल घरेलू उत्पाद में 4 प्रतिशत योगदान है। वर्ष 2019 से प्रदेश में 5.22 बिलियन यूएस डॉलर का निवेश आया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने ई-गवर्नेंस के माध्यम से कई पहल की हैं , जिससे योजनाओं के वितरण में पारदर्शिता आई है। मुख्य सचिव ने बताया कि हरियाणा की जीडीपी विकास दर लगातार बेहतर बनी हुई है। राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि एवं संवर्द्धन गतिविधियों का 17 प्रतिशत, सर्विस सेक्टर का 47 प्रतिशत और उद्योग का 36 प्रतिशत योगदान है। वर्ष 2021-22 में हरियाणा से 28.9 बिलियन यूएस डॉलर का निर्यात हुआ है। इनमें मुख्यतः चावल, आईटी, हथकरघा और हस्तशिल्प, ऑटोमोबाइल और मेटलवेयर, मशीनरी और पार्ट्स, ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स उत्पाद शामिल हैं। श्री कौशल ने बताया कि ईज ऑफ डुईंग बिजनेस रैंकिंग में हरियाणा टॉप अचीवर्स रहा है। लॉजिस्टिक्स ईज एक्रॉस डिफरेंट स्टेट लीड्स सर्वे-2022 में अचीवर रहा। इसके अलावा लैंडलॉक राज्यों में निर्यात सूचकांक तैयार करने वाला हरियाणा पहला राज्य है। एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने व विकास के मामले में हरियाणा देश में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए पद्मा योजना "एक ब्लॉक-एक उत्पाद" चलाई गई है। इसमें 40 नए क्लस्टर पर फोकस किया जा रहा है।
·
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ‘ब्यूरो ऑफ सिविल एवियेशन सिक्योरिटी’ का सैंटर हिसार के गुरू जंभेश्वर विश्वविद्यालय या पॉलिटेक्निक में खोला जाएगा,
·
हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण अध्यक्षा श्रीमती केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि जिला जल संसाधन योजना 2022-25 तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि जल संसाधन योजना 2022-25 प्रदेश के 22 जिलों के लिए स्थायी जल प्रबंधन और योजना क्रियान्वयन की दिशा में बेहतर कार्य करेगी। इस कार्य योजना के तहत पानी की कमी के साथ जल भराव वाले क्षेत्रों में आगामी तीन साल के दौरान पानी के अंतर को 45 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से पहले साल मे 10 प्रतिशत, दूसरे साल में 15 प्रतिशत तथा तीसरे साल में 20 प्रतिशत पानी की कमी और जल भराव की समस्या को दूर किया जा सकेगा।
·
भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से आगामी 2 से 6 नवंबर तक शिमला हिमाचल प्रदेश में खेलो इंडिया (अन्डर-19) जूनियर महिला वालीबाल लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आज यहाँ हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के (सेवानिवृत्त) न्यायमूर्ति श्री एल.एन. मित्तल को तावडू, जिला नूंह में तैनात पुलिस उपाधीक्षक श्री सुरेंद्र सिंह की अवैध खनन गतिविधियों पर छापेमारी करते हुए हुई मारपीट व दुर्भाग्यपूर्ण मौत की परिस्थितियों की जांच करने हेतू गठित जांच आयोग को घटनोत्तर स्वीकृति प्रदान की गई।
·
हरियाणा सरकार में विभागीय जांच के लिए जांच अधिकारी के रूप विभिन्न सेवानिवृत अधिकारियों को भी सूचीबद्ध किया जा सकेगा। इस संबंध में आज मुख्य सचिव द्वारा राज्य के सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों व निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडल आयुक्तों, सभी जिला उपायुक्तों व उपमंडल अधिकारियों सहित विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रारों को एक पत्र जारी किया गया है । जारी किए गए पत्र के अनुसार अब सेवानिवृत जांच अधिकारियों में भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी, भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी, आईएफएस अधिकारी, भारतीय वन सेवा अधिकारी, इंजीनियर-इन-चीफ व चीफ इंजीनियर, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं व निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं स्तर के डाक्टर, ज्यूडिशियल अधिकारी, सीबीआई अधिकारी, केन्द्रीय सचिवालय के अधिकारी व अन्य केन्द्रीय सेवाओं के अधिकारी और निदेशक अभियोजन (जरनल) व निदेशक अभियोजन (स्पेशल), जांच अधिकारी के रूप में सूचीबद्ध हो सकेंगे ।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में रेजांगला चौक, गुरुग्राम से सेक्टर 21, द्वारका के बीच बेहतर संपर्क प्रदान करने के लिए द्वारका मेट्रो रेल कनेक्टिविटी परियोजना की अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी गई। डीपीआर के अनुसार पालम विहार में रेजंगला चौक और द्वारका सेक्टर 21 स्टेशन को जोड़ने वाला स्पर या मेट्रो एक्सटेंशन 8.40 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें से 4 किलोमीटर पालम विहार से गुरुग्राम में सेक्टर 111 और शेष 4.40 किलोमीटर सेक्टर 111 से सेक्टर 21 द्वारका तक होगा। इस पूरे रूट में 7 स्टेशन होंगे।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण नियम, 2022 बनाने को स्वीकृति प्रदान की।
·
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में एविएशन एवं डिफेंस के क्षेत्र में निवेश के लिए अपार संभावनाएं हैं, राज्य सरकार द्वारा करीब पांच महीने पहले ‘हरियाणा एयरोस्पेस और डिफेंस प्रोडक्शन पॉलिसी, 2022’ को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यह जानकारी श्री दुष्यंत चौटाला ने गुजरात के गांधीनगर में ‘डेफएक्सपो-22’ के दौरान इजरायल के राजदूत नओर गिलोन तथा उनके साथ आए डेलिगेशन के साथ बातचीत में दी। उपमुख्यमंत्री हरियाणा के डेलिगेशन के साथ हरियाणा सरकार की ओर से ‘डेफएक्सपो-22’ में हिस्सा लेने के लिए गुजरात के गांधीनगर पहुंचे हुए हैं। इस ‘डेफएक्सपो-22’ का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
·
हरियाणा सरकार ने राज्य में चिट फंडतथा धन परिसंचरण योजनाओंपर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के दृष्टिगत हरियाणा धन परिसंचरण योजना (प्रतिबंध) नियम, 2022 को स्वीकृति प्रदान की। ये नियम अधिकारिक गैज़ेट अधिसूचना जारी होने की तिथि से प्रभावी होंगे। यह निर्णय आज यहां मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। चिट मूल्य एवं धनपरिसंचरण योजना (प्रतिबंध) अधिनियम, 1978 की धारा 13 के प्रावधानों में राज्यों को यह अधिकार है कि वे नियम बना सकते हैं और इसी के चलते अब हरियाणा धन परिसंचरण योजना (प्रतिबंध) नियम, 2022बनाये गए हैं। नियमों के अनुसार कोई व्यक्ति, कंपनी, फर्म या व्यापार संघ गुप्त धन परिसंचरण योजनाओं सहित किसी भी प्रकार की ऐसी योजनाओं को किसी भी रूप में बढ़ावा संचालन व भाग नहीं ले सकेंगे।
·
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में हरियाणा सिख गुरुद्वारा (प्रबंधन) अधिनियम, 2014 में आगे संशोधन के लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा (प्रबंधन) -2022 नाम से एक अध्यादेश लाने को स्वीकृति प्रदान की गई।
·
हरियाणा कैडर के पूर्व आई.ए.एस अधिकारी श्री सरबन सिंह द्वारा लिखित ‘‘ड्रीम जर्नी’’ (DREAM JOURNEY) नामक पुस्तक के बारे में लेखक श्री सरबन सिंह ने बताया कि ‘‘ड्रीम जर्नी’’ (DREAM JOURNEY) नामक इस पुस्तक में उन्होंने अपने जीवन के प्ररेणादायी अनुभवों, संघर्ष व निरंतर आगे बढ़ने के अनुभवों को संजोया है। उन्होंने पुस्तक के माध्यम से बताया है कि किस प्रकार से एक युवा किसी आदर्श व्यक्तित्व से प्रेरणा पाकर अपने सपनों को पूरा कर सकता है। इसके साथ-साथ यह पुस्तक उनके जीवन की घटनाओं का वर्णन करती है जो पाठक की जिज्ञासा को यह जानने के लिए प्रेरित करती है कि जीवन में किस तरह के प्रयास किए जाते हैं जो अपने करियर को आगे ले जाने में सहायक होते हैं।
·
हरियाणा सरकार ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों (एटीएस) के जरिए वाहनों की फिटनेस जांच हेतू प्रदेश में 6 ऑटोमेटिड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन स्थापित करेगी। यह स्टेशन अंबाला, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, गुरुग्राम और रेवाड़ी में स्थापित किए जाएंगे। इन स्टेशनों पर लगभग 116 करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है।
·
देशभर में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में एक ओर हरियाणा सरकार ने कई अनूठे कार्यक्रमों की पहल कर देश के समक्ष कईं उदाहरण प्रस्तुत किये हैं तो वहीं दूसरी ओर हरियाणा के नेहरू युवा केन्द्र संगठन ने भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत विजन को आगे बढ़ाया है। इस कड़ी में संगठन द्वारा स्वच्छ भारत 2.0 अभियान के तहत सभी 22 जिलों में पहली से 31 अक्तूबर, 2022 तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नेहरू युवा केन्द्र संगठन की राज्य निदेशक सुश्री मधु चौधरी ने जानकारी दी कि राज्य के सभी 22 जिलों के 6862 गावों में स्वच्छ भारत 2.0 अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है
·
पहले भारत को दुनिया का सबसे बड़ा रक्षा आयातक माना जाता था लेकिन नए भारत ने अपने इरादे एवं इच्छाशक्ति दिखाई और 'मेक इन इंडिया' आज रक्षा क्षेत्र में सफलता की एक कहानी बन गया है। “ हाल के वर्षों में हमारा रक्षा निर्यात 8 गुना बढ़ा है। हम दुनिया के 75 से अधिक देशों में रक्षा सामग्री और उपकरणों का निर्यात कर रहे हैं। वर्ष 2021-22 में भारत से रक्षा निर्यात 1.59 अरब डॉलर यानी करीब 13 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया। आने वाले समय में भारत सरकार ने इसे 5 अरब डॉलर यानी 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।''
·
हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत ने बताया कि हैफेड ने व्यवसाय में विस्तार करने की अनूठी पहल की है। वित वर्ष 2021-22 के दौरान 207 करोड़ रुपए का रिकॉड मुनाफा कमाया है जो 55 सालों में सबसे अधिक है। इस अवधि के दौरान हैफेड ने सबसे अधिक टर्नओवर लगभग 17700 करोड़ रुपए प्राप्त कर लिया है। चेयरमैन ने बताया कि हैफेड ने धान, गेहूं एवं सरसों बीज आदि और अन्य खाद्य वस्तुओं के विविधीकरण और विशेषकर निर्यात पर फोकस रखने से यह लक्ष्य पाया है। हैफेड ने इस अवधि के दौरान 20,000 मीट्रिक टन बासमती चावल का निर्यात का आर्डर लिया जिसकी सऊदी अरब की कीमत 21.85 मिलियन डॉलर है।
·
हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने कहा कि हरियाणा ऑर्बिटल रेल कोरिडोर (एचओआरसी) परियोजना के तहत पलवल को सोनीपत से जोड़ने वाली नई रेल परियोजना के लिए अधिकारी भूमि अधिग्रहण के कार्य में तेजी लाएं ताकि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर पलवल से सोनीपत वाया सोहना, मानेसर और खरखोदा से जोड़ने वाला रेल नेटवर्क यात्री और माल यातायात के लिए ब्रॉड गेज डबल रेलवे लाइन है। यह डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) और भारतीय रेलवे के पांच खंडों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कोरिडोर के भाग-ए में पांच नए रेलवे स्टेशनों (धुलावत, चांडाला डूंगरवास, पचगांव, मानेसर और न्यू पाटली) के साथ 30 किलोमीटर मार्ग की लंबाई शामिल है। पाटली और सुल्तानपुर में रेलवे नेटवर्क के लिए 11.4 किलोमीटर की कनेक्टिविटी लाइन और न्यू तौरू में डीएफसी नेटवर्क के लिए 4.8 किलोमीटर की कनेक्टिविटी लाइन शामिल है। भाग-बी में 12 नए रेलवे स्टेशनों के साथ 96 किलोमीटर मार्ग की लंबाई और तीन इंटरचेंज पॉइंट (न्यू पृथला, असौदह और न्यू हरसाना कलां) पर रेलवे नेटवर्क और डीएफसी नेटवर्क के लिए 6.28 किलोमीटर की कनेक्टिविटी लाइनें शामिल हैं।
·
ई-संजीवनी सरकार की राष्ट्रीय टेली-परामर्श सेवाओं के तहत एक ऑनलाइन स्टे होम ओपीडी है जिसे हरियाणा में भी शुरू किया गया है। इस सेवा के तहत लैपटॉप/डेस्कटॉप या एंड्रॉइड स्मार्ट का उपयोग करके कोई भी डॉक्टर से परामर्श ले सकता है। ई-संजीवनी हेल्थ् एंड वेलनैस सेंटर टेली-कंस्लटेशन सर्विस के तहत पीजीआईएमआर, चंडीगढ़ में एक हब बनाया गया है, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे टेली-कंस्लटेशन सर्विस के लिए उपलब्ध है। हेल्थ एंड वेलनैस सेंटर के डॉक्टर मरीजों की बिमारी के संबंध में ऑनलाइन माध्यम से सीधे पीजीआई के विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले रहे हैं।
·
No comments:
Post a Comment